लखीमपुर खीरी। रविवार को पिता के सामने तेंदुए ने 6 साल के बेटे पर हमला कर दिया। झपट्टा मारकर गर्दन दबोच ली। बच्चे खींचकर झाड़ियों की ओर ले जाने लगा। बेटे को बचाने के लिए पिता शोर मचाते हुए तेंदुए की तरफ दौड़े। इस बीच आसपास काम कर रहे लोगों ने तेंदुए को लाठी-डंडे से पीटकर भगाया। तेंदुआ अंधेरे में जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घरवाले अपनी गाड़ी से बच्चे को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। गुस्साए घरवालों और गांववालों ने हाईवे के बीचो-बीच ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर रोड जाम कर दिया।
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। मामले की गंभीरता देखते हुए सीओ और विधायक मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाया, तब जाकर प्रदर्शन खत्म हुआ। इस बीच डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा। फिलहाल, परिजन घर पर शव रखकर डीएम से मिलने की जिद पर अड़े हैं। घटना ईसानगर इलाके की है। पिता के सामने तेंदुए ने बेटे को मार डाला रायपुर गांव में जवाहर लाल यादव अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका एक बेटा शुभम और दो बेटियां हैं। रविवार शाम वह अपने 6 साल के बेटे शुभम के साथ खेत पर गए थे। जवाहर खेत में काम करने लगे, जबकि शुभम पास में ही खेल रहा था। गन्ने के खेत के अंदर तेंदुआ घात लगाए बैठा था। शाम करीब 6 बजे उसने अचानक शुभम पर हमला कर दिया। शुभम की गर्दन पर हमला कर जख्मी कर दिया। फिर गर्दन से पकड़कर उसे खींचता हुआ झाड़ियों की ओर ले जाने लगा। जवाहर ने बेटे को तेंदुए के पंजे में देखा, तो शोर मचाते हुए उसकी ओर दौड़ पड़े। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने लाठी-डंडे पीटकर तेंदुए को भगाया। हालांकि, तब तक शुभम बुरी-तरह से खून से लथपथ हो चुका था।
शव रखकर हाईवे किया जाम
शुभम की मौत की खबर जैसे ही गांववालों तक पहुंची, तो वे आक्रोशित हो गए। सैकड़ों गांववाले खमरिया-ईसानगर हाईवे पर उतर आए। सड़क के बीचो-बीच ट्रैक्टर खड़ा करके जाम लगा दिया। प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गांववालों के अनुसार, इलाके में कई दिनों से तेंदुए की मूवमेंट देखी जा रही थी। आसपास उसके पंजे के निशान मिले थे। वन विभाग को सूचना भी दी गई थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। न गश्त की गई और न ही पिंजरा लगाया गया।
शव घर पर रखकर डीएम से मिलने की जिद पर अड़े रहे परिजन
सीओ धौरहरा शमशेर बहादुर सिंह और धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सीओ ने आश्वासन दिया कि सोमवार से प्रभावित इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पिंजरे और कैमरे भी लगाए जाएंगे। प्रशासन के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हो गया। इस बीच लगभग डेढ़ घंटे तक खमरिया-ईसानगर हाईवे जाम रहा। वहीं, घरवाले शुभम का शव घर पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। डीएम और नेताओं से मिलने की जिद पर अड़े हैं। मौके पर एसडीएम शशिकांत मणि और सीओ शमशेर बहादुर सिंह मौके मौजूद हैं और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। पिता जवाहर लाल यादव ने कहा- डीएम और यूपी के सारे नेता हमारे घर पर आकर मिले। यही मेरी प्रशासन से मांग है।








