Home अपराध पत्नी के सामने पति की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

पत्नी के सामने पति की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

0
175

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र में पांचाल घाट पर फरीदाबाद निवासी युवक की पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक दुकान से कोल्डड्रिंक, चिप्स और पानी की बोतल लेने के लिए रुका था। इसी दौरान दूसरी कार से आए बदमाशों ने फायरिंग कर दी, युवक के दो गोली लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। युवक को लोहिया अस्पताल लाया गया है, जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी, एएसपी, सीओ सिटी सहित भारी पुलिसबल लोहिया अस्पताल पहुंचा, जहां एसपी आरती सिंह ने महिला से घटना के संबंध में जानकारी ली।

हरियाणा के फरीदाबाद के थाना चंदावली क्षेत्र के दयालपुर निवासी 32 वर्षीय अरुण पुत्र सुरेंद्र सिंह शनिवार को पत्नी राखी व बच्चे के साथ कार से बनारस (वाराणसी) दर्शन करने गए थे। रविवार शाम को दंपत्ति बच्चों के साथ वापस लौट रहे थे। बताया गया कि गंगा एक्सप्रेसवे से यह लोग आ रहे थे। जनपद हरदोई के सवायजपुर में गंगा एक्सप्रेसवे का कट था। वहां पर यह उतर गए और आगरा जा रहे थे। इसके बाद शहर के पांचाल घाट पर पहुंचे, जहां एक ढाबे के पास स्थित पंकज किराना की दुकान पर कोल्ड ड्रिंक, नमक, चिप्स और पानी की बोतल ली। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक खोलकर उसमें नमक डाला और पत्नी की तरफ बढ़ा दी। बताया जाता है कि पत्नी और बच्चा भी गाड़ी से नीचे उतर आए थे। इस दौरान दूसरी सफेद रंग की कार से आए बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जहां अरुण के दो गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें -  भारत रिकॉर्ड 3,720 नए कोविद -19 संक्रमण, सक्रिय कैसलोआड आगे गिरकर 40,177 हो गया

मामले की जानकारी पर थाना पुलिस सहित सीओ सिटी अभय वर्मा अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। अरुण को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। के शव को मोर्चरी में रखवाकर पुलिस सूचना भेज दी गई। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह अस्पताल पहुंची और मृतक की पत्नी राखी से पूछताछ की। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभय श्रीवास्तव ने बताया कि युवक अरुण पुत्र सुरेंद्र सिंह को मृत अवस्था में लाया गया था, उसके कंधे और सिर में दो गोली लगी हैं। पुलिस ने घटनास्थल के पास में ही लगे सीसीटीवी को अपने कब्जे में लिया है।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया की डायल 112 पर सूचना मिली कि किसी व्यक्ति की अज्ञात व्यक्तियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। पता चला कि यह व्यक्ति शुक्रवार को अपने घर से बनारस जाने के लिए निकला था। आज वह वापस अपने घर फरीदाबाद जा रहा था। गंगा एक्सप्रेस वे होते हुए यह लोग वापस जा रहे थे और कुछ सामान खरीदने के लिए एक दुकान पर उतरे थे। जहां पर दो युवकों ने फायर किया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पत्नी और एक बच्चा भी साथ में है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। टीमें लगा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ क्लू मिले हैं। और जल्दी इस घटना का अनावरण किया जाएगा। बताया कि तीन टीमें लगी हैं, जिसमे थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here