जयपुर एयरपोर्ट पर प्लेन हाईजैक अलर्ट के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2030 की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। ये फ्लाइट फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही थी। अहमदाबाद ATC को मिला था विमान को लेकर अलर्ट, इसके बाद विमान के पायलट ने स्क्वाक-7500 कुछ सेकेंड के लिए घोषित किया था। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं। इसके बाद विमान की जयपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह 9:45 बजे विमान को आइसोलेशन वे पर लाया गया। बता दें कि आपात स्थिति में ही आइसोलेशन वे पर लाया जाता है विमान।
इस जानकारी के बाद तुरंत दिल्ली से एनएसजी रवाना की गई, जयपुर का संगनेर और ई एचसीसी अस्पताल को अलर्ट पर रखा गया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को कॉल कर पूरे मामले की जानकारी ली है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पायलट की गलती से बटन दब गया था, जिसके बाद विमान हाईजैक का अलर्ट जारी हो गया और फिर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। अधिकारियों ने अभी तक इस घटना के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी है।








