कुलगाम। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को सुबह-सुबह मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर लतीफ अहमद भट मारा गया। वह कुलगाम के नौपुरा मीर बाजार में CRPF चौकी पर हुए हमले में शामिल था और सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात खुफिया इनपुट मिला जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। रातभर सर्च ऑपरेशन चला और बुधवार सुबह करीब चार बजे जंगलपोरा इलाके में आतंकवादी और सुरक्षाबलों आमने-सामने आ गए, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में लश्कर कमांडर लतीफ भट की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने अभियान चलाया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की। इस दौरान आतंकवादी जंगलपोरा की एक मस्जिद में फंस गया। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें लतीफ अहमद भट मारा गया। इससे पहले सोमवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम स्थित लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी पहले ही मारा जा चुका था, जबकि दूसरा घायल हुआ था। मारे गए आतंकवादी की पहचान उमर निसार डार के रूप में हुई थी। वह लश्कर-ए-तैयबा में हाल ही में शामिल हुआ था और लतीफ अहमद भट का ही एक साथी था। इस मुठभेड़ में लतीफ भट भी घायल हुआ था।
11 नवंबर को कुलगाम जिले के नौपुरा मीर बाजार में हथियारबंद आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की चौकी पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।
बताया गया कि उमर निसार डार और लतीफ भट ने मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम समेत कई इलाकों की रेकी की थी। दोनों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए संभावित ठिकानों की निगरानी की और हमले की योजना बनाई। 11 नवंबर को दोनों ने कथित तौर पर मिलकर CRPF चौकी पर हमला किया और इसके बाद मौके से फरार हो गए।
10 और 11 नवंबर के CCTV फुटेज की जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को कई स्थानों पर उमर निसार डार और लश्कर कमांडर लतीफ भट की मौजूदगी के साक्ष्य मिले। इसके बाद सुरक्षाबलों ने दोनों की तलाश में अभियान तेज कर दिया।
पहले मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया और अब लतीफ अहमद भट भी ढेर हो गया है। दोनों आतंकियों के खिलाफ सुरक्षाबलों की कार्रवाई से कुलगाम में आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।








