Home उत्तर प्रदेश यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी

यूपी-एमपी समेत कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी

0
49

देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र (Well-marked Low Pressure Area) के प्रभाव से 8 जुलाई को कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिम मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और असम-मेघालय के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 9 जुलाई से मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 14 जुलाई तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 8 जुलाई को 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई क्षेत्रों में बिजली गिरने और भारी बारिश की भी चेतावनी जारी की गई है।

पश्चिम और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 से 10 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना है। पश्चिम मध्य प्रदेश में 8 जुलाई को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

यह भी पढ़ें -  इलाहाबाद विवि का स्थापना दिवस आज : स्मॉर्ट कक्षाओं और प्रयोगशालाओं से बदला ‘पूरब का ऑक्सफोर्ड’

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में 8 जुलाई को अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। बिहार में 9 और 10 जुलाई को बिजली गिरने और गरज-चमक का भी अलर्ट जारी किया गया है।

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई दिनों तक व्यापक वर्षा की संभावना है। असम और मेघालय में 8 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।

कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अनुमान है। कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 8 जुलाई को अत्यधिक वर्षा की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here