ओडिशा के गंजाम जिले में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान बिस्वजीत जेना के रूप में हुई है। बिस्वजीत ओडिशा के परिवहन मंत्री विभूति जेना का भतीजा है। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, मृतक छात्रा कॉलेज में बीसीए थर्ड ईयर की छात्रा थी। वहीं बिस्वजीत जेना उसी कॉलेज में अंतिम वर्ष का बीसीए छात्र बताया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था। छात्रा के मामा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रिश्ते में चल रहे विवाद के कारण छात्रा मानसिक तनाव में थी। परिजनों का कहना है कि संबंधों में आई परेशानी इस घटना का एक मुख्य कारण है।
छात्रा को शनिवार सुबह कॉलेज हॉस्टल से गंभीर अवस्था में निकाला गया था। छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उसे तुरंत ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच के तहत पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन, लैपटॉप और हॉस्टल परिसर के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा पुलिस, कॉलेज पहुंची और छात्रा के दोस्तों और परिचितों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
ब्रह्मपुर के एसपी श्रवण विवेक एम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा के मामा की शिकायत के आधार पर आरोपी बिस्वजीत जेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS की धारा 108) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए मृतका का मोबाइल फोन, लैपटॉप और हॉस्टल परिसर के सीसीटीवी टेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम ने कॉलेज पहुंचकर मृतका के दोस्तों, सहपाठियों और हॉस्टल स्टाफ से लंबी पूछताछ की है, ताकि घटना के पीछे की कड़ियों को जोड़ा जा सके। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








