Home अपराध तेज आंधी में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिरा, 5 लोगों की...

तेज आंधी में ई-रिक्शा पर नीम का पेड़ गिरा, 5 लोगों की दबकर मौत

0
116

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आंधी-बारिश के दौरान एक बड़ा और दिल दहलाने वाला हादसा सामने आया है। एटा जनपद की सीमा से सटे फरिहा थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वी सिंह चिढ़रई में नीम का एक विशाल पेड़ उखड़कर ई-रिक्शा पर गिर गया। ई-रिक्शा सवार 5 लोगों की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घायलों को पेड़ के नीचे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डीएम और एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे।

​सोमवार देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदला और तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान एक ई-रिक्शा एटा के अवागढ़ से सवारियां लेकर फरिहा की तरफ आ रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा फरिहा थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वी सिंह चिढ़रई के पास पहुंचा, तभी तेज हवाओं के कारण सड़क किनारे लगा एक विशालकाय नीम का पेड़ सीधे ई-रिक्शा के ऊपर गिर गया।

यह भी पढ़ें -  महाराष्ट्र: चंद्रपुर में बाघ ने 70 वर्षीय व्यक्ति की हत्या की; 3 दिन में दूसरी मौत

चीख-पुकार के बीच आसपास के लोग दौड़कर आए और पेड़ के नीचे दबी सवारियों को निकालने की कोशिशें में लग गए। पुलिस ने ग्रामीण और जेसीबी के सहयोग से पेड़ हटाया और घायलों को निकालकर अस्पताल भेजा। हालांकि इस बीच 5 लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में फरिहा के बटोलर निवासी 28 वर्षीय गजेंद्र, फरिहा के नगला फतेह निवासी 59 वर्षीय हरेश पाल, फरिहा के ईखू निवासी 20 वर्षीय विष्णु, नगला मंडा सकरौली के रहने वाले 17 वर्षीय अमन और एटा के आनंदपुर-अवागढ़ निवासी 65 वर्षीय गंगा सिंह हैं।

पेड़ के नीचे दबकर पांच लोगों की मौत की खबर सुनकर डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे घटनास्थल पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को और मृतकों को अस्पताल भेजा। घटना से इलाके में मातम छा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here