Home टॉप न्यूज मुंबई में मूसलाधार बारिश की वजह से 17 फ्लाइट्स हुईं कैंसिल, 365...

मुंबई में मूसलाधार बारिश की वजह से 17 फ्लाइट्स हुईं कैंसिल, 365 उड़ानें घंटों लेट

0
72

मुंबई में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। रविवार को रात 12 बजे से सोमवार देर शाम 5 बजे तक 17 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 365 फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। इससे हजारों यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा और कई लोगों की यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हुईं।

फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के अनुसार, खराब मौसम के कारण कुल 17 उड़ानें रद्द हुईं और 5 उड़ानों का रूट बदलकर दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर उतारा गया। इनमें कुछ घरेलू और कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं। मौसम खराब होने के कारण विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ में दिक्कतें आईं।

भारी बारिश को देखते हुए इंडिगो और आकासा एयर ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की। दोनों एयरलाइनों ने कहा कि मुंबई के साथ-साथ पुणे और गोवा की उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं। यात्रियों से एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें -  "मुख्यमंत्री को अहंकार को एक तरफ रखना है ...": ई शिंदे जाब्स उद्धव ठाकरे

खराब मौसम का असर सिर्फ घरेलू उड़ानों तक सीमित नहीं रहा। आकासा एयर ने कुवैत और दोहा से आने वाली कुछ उड़ानें तथा कुवैत जाने वाली उड़ान भी रद्द कर दी। वहीं, इंडिगो की रायपुर जाने वाली फ्लाइट को हैदराबाद डायवर्ट किया गया। दिल्ली-मुंबई और सिंगापुर-मुंबई की उड़ानों को अहमदाबाद भेजा गया, जबकि एयर इंडिया की कोलकाता से मुंबई आने वाली फ्लाइट को वडोदरा में उतारना पड़ा।

बारिश के कारण एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह बिगड़ गया। औसतन रवाना होने वाली फ्लाइट्स करीब 72 मिनट की देरी से चलीं और लगभग 89 फीसदी उड़ानें तय समय से लेट रहीं। वहीं, आने वाली उड़ानों में भी औसतन 46 मिनट की देरी दर्ज की गई और 84 फीसदी फ्लाइट्स निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकीं।

मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में अगर आपकी उड़ान मुंबई से है या मुंबई होकर गुजरती है, तो एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें। इससे अनावश्यक परेशानी और इंतजार से बचा जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here