Home अपराध होमगार्ड ने पत्नी और बेटी का चार्जर की केबल से घोंटा गला,...

होमगार्ड ने पत्नी और बेटी का चार्जर की केबल से घोंटा गला, खुद पुलिस को दी सूचना

0
15

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में पत्नी और बेटी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक होमगार्ड पर अपनी 55 वर्षीय पत्नी और 32 साल की बेटी की चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि हत्या की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मामला कृष्णानगर के भोला खेड़ा मोहल्ले का है। आरोपी की पहचान 58 वर्षीय रविंद्र शंकर गुप्ता के रूप में हुई है, जो लखनऊ पीएसी में होमगार्ड के पद पर तैनात है। आरोप है कि शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उसने घर में सो रही अपनी पत्नी श्याम दुलारी और बेटी पूजा साहू का चार्जर की केबल से गला घोंट दिया।

पुलिस के मुताबिक, पूजा का शव घर के ग्राउंड फ्लोर पर मिला, जबकि श्याम दुलारी का शव पहली मंजिल पर पड़ा था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो रविंद्र अपनी पत्नी के शव के पास बैठा था। उसे वहीं से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पूजा किसी युवक से बातचीत करती थी। इस बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे हत्या की अंतिम वजह नहीं माना है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पूजा की निजी जिंदगी में भी कई उतार-चढ़ाव रहे थे। उसकी पहली शादी वर्ष 2017 में हुई थी, लेकिन बाद में तलाक हो गया। इसके बाद उसने वर्ष 2022 में दूसरी शादी की। यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला और टूट गया। इसके बाद पूजा अपनी बेटी के साथ पिता के घर पर रहने लगी थी।

यह भी पढ़ें -  Agra University: बीएड फर्जीवाड़े की जांच रिपोर्ट दबाई, विश्वविद्यालय प्रशासन ने नहीं की कार्रवाई

इंस्पेक्टर प्रद्युम्न सिंह के मुताबिक, गुरुवार शाम रविंद्र ने अपने बेटे और बहू को दावत के लिए घर बुलाया था। दोनों रात में ही वहां से चले गए। उनके जाने के कुछ घंटे बाद ही घर में यह वारदात हो गई।

पुलिस जांच में रविंद्र और उसकी पत्नी के बीच पुराने विवाद की बात भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2018 में श्याम दुलारी गहने लेकर घर से चली गई थीं। इस संबंध में रविंद्र ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में श्याम दुलारी एक रिश्तेदार के घर से मिली थीं। पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

फिलहाल, मां-बेटी के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

एक ही घर में मां-बेटी की हत्या की इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या परिवार में लंबे समय से चल रहा विवाद इस वारदात की वजह बना या इसके पीछे कोई और कारण था? पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here