Home अंतरराष्ट्रीय सीएम योगी ने रेल सेवा को बताया अवध और मिथिला की संस्कृति...

सीएम योगी ने रेल सेवा को बताया अवध और मिथिला की संस्कृति का पावन मिलन

0
13

अयोध्या। अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक शुरू होने जा रही सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत और नेपाल के सदियों पुराने आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाली ऐतिहासिक पहल बताया है। सीएम योगी ने कहा कि इस रेल सेवा के माध्यम से अवध और मिथिला की संस्कृतियों का पावन और पौराणिक मिलन फिर से जीवंत हो रहा है। इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं को रामलला और माता जानकी के दर्शन करने में सहूलियत मिलेगी।

अयोध्या से जनकपुर धाम तक सरयू-कमला एक्सप्रेस के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने भारतीय रेलवे की इस सेवा के माध्यम से इन दो पवित्र तीर्थ स्थलों को आपस में जोड़ा है। अयोध्या और मिथिला की संस्कृतियों का पावन और पौराणिक मिलन आज अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस के माध्यम से पुनर्जीवित हो रहा है।” सीएम योगी ने कहा कि इस रेल सेवा के शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे अयोध्या आकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, भारत के श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत को ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ‘रोटी-बेटी’ के चिरंतन संबंधों में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के कर-कमलों से सोमवार को प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस अवसर का साक्षी बनने का उन्हें सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।

यह भी पढ़ें -  आस्था और भक्ति : बुजुर्गों ने डंडे के सहारे पूरी की परिक्रमा

सीएम योगी ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच युगों से कायम आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक मजबूत होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा सुगम होगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को बधाई देते हुए ‘जय श्री सीताराम’ कहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह सोमवार को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। भारतीय रेलवे की ओर से शुरू की जा रही इस ट्रेन का नाम ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रखा गया है। जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि के रूप में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व प्राप्त है। ऐसे में यह रेल सेवा रामायण से जुड़े इन दोनों प्रमुख धार्मिक केंद्रों को सीधे रेल संपर्क से जोड़ेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here