Home अपराध यूपी में बारिश और तूफान का कहर, अब तक 56 लोगों की...

यूपी में बारिश और तूफान का कहर, अब तक 56 लोगों की मौत, 46 घायल

0
126

उत्तर प्रदेश में पिछले 60 घंटे में बारिश और तूफान से जुड़ी घटनाओं में 56 लोगों की मौत हो गई। 46 लोग घायल हो गए। राज्‍य के राहत आयुक्‍त ने रविवार को ये जानकारी दी। राहत आयुक्त डॉक्टर हृषिकेश भास्कर यशोद ने रविवार को बताया कि पिछले 60 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 56 जनहानि, 107 पशु हानि तथा 1021 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त 46 व्यक्तियों के घायल होने की सूचना है।

उन्‍होंने कहा कि जनहानि के मामलों में सीतापुर में 7, लखीमपुर खीरी में 5, बहराइच में 5, बलरामपुर में 5, अयोध्या में 4 तथा गोरखपुर में 4 जनहानि की सूचना प्राप्त हुई है। घायलों में हरदोई में 7, मैनपुरी में 5, श्रावस्ती में 5, बाराबंकी में 5 और सीतापुर-लखीमपुर खीरी में 3-3 लोगों के घायल होने की सूचना है। मकान क्षतिग्रस्त होने के मामलों में हरदोई में 272, सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54, हमीरपुर में 51, शाहजहांपुर में 47 तथा बहराइच में 44 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

यह भी पढ़ें -  Bijnor News: गन्ने के खेत में महिला का शव मिलने से सनसनी, किसान ने दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना

राज्य के 75 में से 56 जिलों में बहुत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। यशोद ने रविवार को जिलाधिकारियों और अपर जिला अधिकारियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने उन्हें निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में रहें, प्रभावित लोगों से सीधा संपर्क बनाए रखें और तुरंत मदद पहुंचाना सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तुरंत फसल के नुकसान का आकलन करें और नियमों के अनुसार मुआवजा दें। जरूरत पड़ने पर रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करें और जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें जल्द से जल्द मदद पहुंचाएं।

राहत विभाग ने बताया कि बचाव दल जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए अभियान चला रहे थे। विभाग ने लोगों को सलाह दी कि वे पानी और बाढ़ से प्रभावित इलाकों में बेवजह न जाएं और तेजी से बहने वाली नदियों, नालों और जलधाराओं से दूर रहें। आपातकालीन सहायता के लिए लोग राहत आयुक्त कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here