Home उत्तर प्रदेश दिल्ली-एनसीआर समेत केरल में मानसून की दस्तक

दिल्ली-एनसीआर समेत केरल में मानसून की दस्तक

0
59

लखनऊ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल में दस्तक दे दी। आमतौर पर मानसून एक जून के आसपास केरल पहुंचता है, जो दक्षिण-पश्चिम मानसून ऋतु (जून से सितंबर) की शुरुआत का संकेत माना जाता है।

आईएमडी ने कहा, ”दक्षिण-पश्चिम मानसून चार जून, 2026 को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ भागों, पूरे लक्षद्वीप द्वीपसमूह, केरल और माहे, कर्नाटक तथा तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष भागों, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तक आगे बढ़ गया है।’

दिल्ली के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर को हुई बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में दिन में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गुरुवार दोपहर 2:30 बजे तक मयूर विहार स्टेशन पर सबसे अधिक 23 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जो ‘मध्यम बारिश’ की श्रेणी में आती है।

आयानगर, पुष्प विहार, पालम और प्रगति मैदान में भी हल्की बारिश दर्ज की गयी, जहां सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच क्रमशः 14.2, 10.5, 5.8 मिमी और 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी। मौसम विभाग ने शाम तक मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, शाहदरा, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण पूर्वी दिल्ली, दक्षिण पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सहित दिल्ली के सभी जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।

विभाग ने पूरी दिल्ली में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी, बिजली कड़कने तथा 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

यह भी पढ़ें -  अब डीजल पर 55.5 रुपये और एटीएफ पर देनी होगी 42 रुपये की एक्सपोर्ट ड्यूटी

यूपी में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार चार से छह जून के बीच प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलने तथा कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

मौसम केंद्र, लखनऊ द्वारा गुरुवार को जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार 4, 5 और 6 जून को पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि 7 जून से मौसम फिर शुष्क होने लगेगा और 10 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है।

विभाग ने चार जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पांच जून को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। 6 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here