यूपी के ललितपुर जिले में बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हालात मुश्किल हो गए हैं। नाराहट-महरौनी मार्ग के कुझान घाट पुल पर पानी के तेज बहाव में एक तेल टैंकर बह गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते टैंकर से निकलकर अपनी जान बचा ली। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना ललितपुर के नाराहट-महरौनी मार्ग स्थित कुझान घाट पुल की है।
जानकारी के मुताबिक पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था, लेकिन इसके बावजूद चालक तेल टैंकर लेकर पुल पार करने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही टैंकर तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचा, वाहन अनियंत्रित हो गया और पानी के साथ बहने लगा। टैंकर को बहता देख चालक ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में टैंकर तेज बहाव में दूर तक बह गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तेल का टैंकर पुल के किनारे बह कर चला गया है। वहीं स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक टैंकर चालक पानी के तेज बहाव में वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। बहाव इतना तेज था कि टैंकर अनियंत्रित होकर पुल से बह गया और किनारे चला गया।
बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में ज़ोरदार बारिश होने की संभावना है। विभाग ने कई जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश, तथा कुछ अलग-अलग जगहों पर बहुत ज़्यादा बारिश की चेतावनी दी है। राज्य सरकार ने 27 सितंबर तक के पूर्वानुमान को देखते हुए ज़िला प्रशासन को अलर्ट पर रखा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश, आंधी-तूफ़ान और राज्य में अचानक आई बाढ़ (फ़्लैश फ़्लड) की स्थिति को देखते हुए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और इंतजामों की निगरानी के लिए जमीनी स्तर पर जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। सीएम योगी ने आदेश दिया है कि ‘रेड अलर्ट’ वाले और अचानक बाढ़ की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखे जाएं।








