मुंबई: मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ में शनिवार को मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन चारों शहरों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में चार जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर शामिल हैं। पालघर में 5 जुलाई यानी रविवार के लिए भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मानसून के देर से आने के बाद भी इस पूरे हफ़्ते मुंबई में ज़ोरदार बारिश हुई है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भी मुंबई में भारी बारिश का अनुमान जताया है, जबकि मंगलवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मुंबई समेत प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश जारी है। शहर के मुख्य इलाके में 2 जुलाई की सुबह 8 बजे से 3 जुलाई की सुबह 7 बजे के बीच औसतन 114 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी दौरान पूर्वी उपनगरों में औसतन 102 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 109 मिमी बारिश हुई।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई शहर के कई हिस्सों में सिर्फ़ पांच घंटों में 70 मिमी से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई। सबसे ज़्यादा बारिश 73.8 मिमी बांद्रा के सुपारी टैंक म्युनिसिपल स्कूल में दर्ज की गई, इसके बाद प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा वेस्ट में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश हुई। शहर में शुक्रवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है और बीच-बीच में तेज़ बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया है।
बता दें कि मुंबई में गुरुवार आधी रात के आसपास से ही तेज़ बारिश हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि दादर, अंधेरी, गोरेगांव और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव हुआ, हालांकि शुक्रवार सुबह तक जमा हुआ पानी निकल गया। सुबह-सुबह बारिश की रफ़्तार थोड़ी कम हुई, लेकिन शहर के कई हिस्सों में सुबह 8 बजे के बाद यह फिर से तेज़ हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, शुक्रवार सुबह 8 बजे तक खत्म हुए 24 घंटों में मुंबई में 100 मिमी से ज़्यादा बारिश दर्ज की गई।








