लखनऊ । हुसैनाबाद एवं सम्बद्ध ट्रस्ट के अन्तर्गत बड़ा इमामबाड़ा स्थित भूलभुलइया, बावली, पिक्चर गैलरी, छोटा इमामबाड़ा स्थित शाही हम्माम, सतखण्डा और मक़बरा सआदत अली खां में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के दृष्टिगत टिकट व्यवस्था के लिए ट्रस्ट ने https://lucknowimambara.com वेबसाइड तैयार करायी है। पर्यटकों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड को स्कैन कर भी टिकट लिया जा सकता है। इसके अलावा टिकट बुकिंग सिस्टम एवं सेल्फ टिकट कियोस्क मशीन भी उपलब्ध कराई गई है।
विश्व धरोहर दिवस पर राज्य संग्रहालय में विश्व एवं भारत की विरासतों पर आधारित प्रश्नोत्तरी, चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। राज्य संग्रहालय में शनिवार को विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में हमारी धरोहरें, हमारा गौरव विषय पर आधारित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अन्तर्गत संग्रहालय में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों और स्मारकों को दर्शाती एक प्रदर्शनी लगाई गई। इस अवसर पर भारत एवं विश्व की धरोहरों पर आधारित प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व धरोहर दिवस मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 1982 में इंटरनेशनल काउंसिल ऑन मॉन्यूमेंट्स एंड साइट्स द्वारा की गई थी, जिसे वर्ष 1983 में यूनेस्को द्वारा वैश्विक मान्यता प्रदान की गई।
यह दिन संपूर्ण मानवता की सांस्कृतिक विविधताओं और ऐतिहासिक विरासतों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता जगाता है। साथ ही यह हमें उन प्राचीन स्मारकों और स्थलों के महत्व को याद दिलाता है जो समय की मार झेल रहे हैं और जिन्हें भावी पीढ़ियों के लिए बचाना हमारा सामूहिक दायित्व है।








