Home अपराध संभल में आंधी-तूफान से तबाही, महिला समेत दो की मौत, कई घायल

संभल में आंधी-तूफान से तबाही, महिला समेत दो की मौत, कई घायल

0
71

संभल/ कैला देवी। संभल जनपद में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई। कैला देवी थाना क्षेत्र में महिला समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आंधी के चलते कई गांवों में बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर टूटकर गिर पड़े, पेड़ उखड़कर सड़कों पर आ गए तथा मकानों और टीन शेडों को भारी नुकसान पहुंचा।

तेज आंधी के दौरान थाना क्षेत्र के गांव गंगहेटा निवासी नेमवती (30) पत्नी स्व. दुर्गेश रास्ते से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज हवा के कारण एक पेड़ टूटकर बिजली की लाइन पर गिर पड़ा, जिससे बिजली का पोल टूटकर सीधे नेमवती के ऊपर जा गिरा। पोल के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला और आनन-फानन में कैला देवी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर संभल रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

नेमवती की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि उनके पति दुर्गेश की करीब छह माह पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी थी। पति की मौत के बाद वह अपने तीन छोटे बच्चों के साथ मायके गंगहेटा में पिता राजपाल के यहां रह रही थीं। इसी गांव में दूसरा हादसा भी बेहद दर्दनाक रहा। गांव निवासी भगवान सिंह (40) तेज आंधी से बचने के लिए अपने छप्परनुमा घर के नीचे बैठे हुए थे। तभी तेज हवा के दबाव से कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और भगवान सिंह मलबे में दब गए।

ग्रामीणों और परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए संभल अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर मुरादाबाद रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। गांव में दोनों मौतों के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। आंधी-तूफान के दौरान गांव गंगहेटा में ही मनवीर सिंह की 10 वर्षीय बेटी सविता भी हादसे का शिकार हो गई। वह रास्ते से गुजर रही थी तभी बिजली का खंभा टूटकर उसके ऊपर गिर गया। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें -  कालाबाजारी : आगरा से 205 रुपये के कफ सिरप की बांग्लादेश में 1200 रुपये में तस्करी

तेज तूफान से क्षेत्र में भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ। चाचू नांगल गांव में हरीश गर्ग के घर के बाहर बने टीन शेड में पशु बंधे हुए थे। आंधी के दौरान टीन शेड टूटकर पशुओं के ऊपर गिर गया। हादसे में एक गाय की मौत हो गई, जबकि एक भैंस और दूसरा पशु गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टीन शेड में रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे हरीश को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

इसके अलावा किशन पाल के मकान की दीवार गिरने से घर में रखा सामान, बर्तन और बाइक मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गए। रझेड़ा सलेमपुर गांव में हाईवे किनारे स्थित रजवाड़ा पैलेस के तीन पैनल तेज हवा में उड़कर टूट गए। वहीं बाबा रतन गिरी आदर्श इंटर कॉलेज कैला देवी के भी दो बड़े पैनल नीचे गिर गए। गनीमत रही कि उस समय स्कूल के बच्चे कक्षाओं के भीतर मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर पड़े, जिससे यातायात प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत कर रास्तों को साफ कराया। वहीं खेतों और गांवों में लगे कई बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर टूटने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। देर रात तक कई गांव अंधेरे में डूबे रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here