मुंबई के सभी सरकारी, प्राइवेट और महानगरपालिका के स्कूलों व कॉलेजों में सोमवार (6 जुलाई 2026) को छुट्टी घोषित की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई महानगर के लिए सोमवार को भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई के सभी सरकारी, निजी और महानगरपालिका संचालित स्कूलों तथा कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी का ऐलान किया गया है।
हालांकि, सरकारी और प्राइवेट ऑफिस नियमित रूप से खुले रहेंगे। एक दिन के लिए अभी स्कूल बंद किए गए हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।
मुंबई में रविवार को भी मूसलाधार बारिश होती रही। भारी बारिश के चलते पेड़ पर गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 18 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक और एक वरिष्ठ नागरिक की मौत हो गई। इसके साथ ही शहर में एक हफ्ते से भी कम समय में पेड़ गिरने की घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है।
नगर निकाय के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 12.40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास एक दुकान पर पेड़ गिर गया। उन्होंने बताया कि मलबे में फंसे यूनुस कुंदावाला को बाहर निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना में गोरेगांव पूर्व स्थित आरे कॉलोनी इलाके में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक पर पेड़ की एक शाखा गिरने से उसकी मौत हो गई। नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार दोपहर हुई थी, लेकिन इसकी सूचना अधिकारियों को रविवार को दी गई। उन्होंने कहा कि कुमार हसन रजा जहांगीर आलम सैयद अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था, तभी पेड़ की एक शाखा टूटकर उसके सिर पर गिर गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुंबई में बारिश के बीच पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ये घटनाएं 30 जून को चेंबूर में हुई उस दुर्घटना के कुछ ही दिन बाद सामने आई हैं, जिसमें एक पेड़ चलती स्कूल बस पर गिर गया था। इस हादसे में 11 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई थी। कई अन्य लोग घायल हो गए थे।








